तफ्तीश
-----------
संचार के माध्ययम में क्रांतिकारी परिवर्तन हो चुका था। पहले कबूतर के पैर में बांध कर सन्देश भेजे जाते थे जिसमें काफी समय लगता। अब चिड़िया की बीट से सन्देश प्राप्त हो जाता। यहाँ की चिड़िया से कहा नही की उससे जुड़ी जुड़ी वहाँ की चिड़िया ने बीट किया।
बीटाधिकारी झट से बीट के कूट को सामान्य भाषा मे डिकोड करता और बादशाह के पास सन्देश हाज़िर।
ये बीटकर्मचारी आपस मे इस बीट को ट्वीट कहते।
बादशाह सलामत पिछली पहलवानी मे हार कर गद्दी से बाहर हो गए थे किंतु इस बार की पहलवानी में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कि लँगोट उतार ली और विजयी घोषित हुए।
बादशाह सलामत को उनके निजी बीटाधिकारी ने आज एक चिड़िया के ट्वीट मतलब बीट को डिकोड करते हुए बताया कि आपके राज्य के फलाने सूबे के फलाने मौजा में एक आदमी की भूख से मौत हो गई है।
महाराज विचलित हुए की प्रतिद्वंदी अब इस बात पर उनकी लँगोट खीचेंगे अतः उन्होंने अपने खाना मंत्री को तलब किया और उसे मामले की जांच कर दोषियों को दंड देने का हुक्म दिया।
वजीर ए खाना ने झटपट अपनी लश्कर सजाई और हकूमत के मरकज़ से वाकये की जगह को रवाना हो गए।
उधर जिस जगह यह वाकया हुवा था वहां के सूबेदार को उसके खबरी ने हांफते-हांफते खबर दी कि वजीर ए खाना आज मौत वाले वाकये की तफ्तीश करने आ रहे हैं।
सूबेदार साहब की सूबेदारी नई थी, कोई अनुभव नही अतः उनके हाथ पाँव फूल गए लेकिन उनके चीफ किरानी ने मामला संभालते हुए कहा कि साहब घबराने कि कोई बात नही, हमने ऐसे कई वजीर देखे हैं, आप देखिए मैं कैसे मामला सम्भालता हूँ।
खानामंत्री और उनके लश्कर के लिए लज़ीज़ खाने और सबसे महंगी शराब का इंतज़ाम किया गया। एक व्यंजन का वो पहला कौर लेते नही की दूसरा व्यंजन हाज़िर रहता।
खाना मंत्री और उनके लश्कर पर इतना पैसा बहाया गया जितने में भूख से आगे कोई मरने वाला साल भर जिंदा रहता; शायद वो खाने के लिए ही मंत्री बने थे। आगे चलकर उन्हें भूख से मौत की जाँच के नाम पर दावत उड़ाने से रोकने के लिए रियाया उनका नाम बदलकर खाद्य सचिव कर देगी लेकिन प्रजा को यह नही मालूम कि बस उनका नाम बदलेगा। भूख से हुई मौत की जाँच के नाम पर दावत तो वो नाम बदलने के बाद भी उड़ाएंगे और अब पँच सितारा होटलों में महंगे और लजीज व्यंजन एवम महंगी शराब के साथ भूख से हुई मौतों की जाँच होगी!
खैर, अब रिपोर्ट बनाने की बारी थी। वजीर ए खाने ने अपने लश्कर में चल से क्लर्क से कहा कि लिखो उस आदमी कि मौत बीमारी से हुई और इस पर हकीम साहब से भी दस्तखत करवा लो।
बादशाह सलामत की चिड़िया ने अगले दिन बीट किया कि सल्तनत में सब ठीक है और वह एक कुदरती मौत थी।
--------●●●●---------
👌👌👌👌
ReplyDelete